बिहार में भीषण हादसा, दो बच्चों सहित 6 लोगों की मौत, सड़क पर बिखरीं लाशें...ऑटो के उड़े परखच्चे

Sunday, Feb 01, 2026-11:36 AM (IST)

Patna Road Accident: बिहार का पटना जिले में रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

PunjabKesari

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में घटी। बताया जा रहा है कि सभी मृतक भोजपुर जिले के आरा के रहने वाले थे और मनेर दरगाह में उर्स में शामिल होकर ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान रात करीब दो बजे कोईलवर पुल के पास लेखनटोला इलाके में रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। 

PunjabKesari

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवार यात्री सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे। घटनास्थल पर शव करीब 50 मीटर तक बिखरे मिले। सड़क पर खून के धब्बे, कपड़े, चप्पल और अन्य सामान फैला हुआ था, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। 

PunjabKesari

हादसे में आरा के मिल्की मोहल्ला निवासी गुड्डू (33), इम्तियाज (30), कायमनगर निवासी असद खान (25), मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी शहजाद (22) और उनके दो बच्चे शफान (3) तथा अल्फी (डेढ़ वर्ष) की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल दो लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static