अनिरुद्धाचार्य की कथा में भगदड़, महिलाएं बेहोश, माता-पिता से बिछड़े मासूम; मची चीख-पुकार!
Monday, Feb 09, 2026-11:31 AM (IST)
Bihar News : बिहार के मोतिहारी जिले अंतर्गत रक्सौल में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ में उस समय अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया, जब प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य अनिरुद्धाचार्य जी महाराज की एक झलक पाने के लिए उमड़ी लाखों की भीड़ बेकाबू हो गई। रक्सौल हवाई अड्डा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा घेरे टूटने और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने से कई श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि दो महिलाएं बेहोश हो गईं।

दबाव के कारण टूटी रेलिंग
रविवार को जैसे ही आचार्य अनिरुद्धाचार्य मंच पर पहुंचे, पंडाल के मुख्य द्वार पर दबाव अचानक बढ़ गया। आयोजन समिति द्वारा भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण सुरक्षा रेलिंग दबाव नहीं झेल सकी और टूट गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच अफरातफरी मच गई, जिससे कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा।

परिजनों से बिछड़े मासूम, व्यवस्था पर उठे सवाल
हंगामे के दौरान पंडाल में मौजूद कई छोटे बच्चे अपने माता-पिता से बिछड़ गए। मौके पर 'लॉस्ट एंड फाउंड' डेस्क जैसी बुनियादी सुविधा न होने के कारण लोग घंटों अपने बच्चों की तलाश में भटकते रहे। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि आयोजन समिति ने केवल वीआईपी और बड़े चंदा दाताओं पर ध्यान केंद्रित किया, जबकि आम भक्तों को असुरक्षित छोड़ दिया गया।

प्रशासन की सख्त कार्रवाई
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मनीष आनंद ने लाठीचार्ज की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि केवल सुरक्षा की दृष्टि से भीड़ को पीछे धकेला गया था। पुलिस ने आयोजन समिति को कड़ी फटकार लगाई है। समिति को रातों-रात सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में ऐसी कोताही बरती गई, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आयोजन समिति की अध्यक्ष शिखा दास की ओर से इस अव्यवस्था पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

