CM नीतीश कुमार ने शेरपुर-दिघवारा 6 लेन गंगा पुल का किया निरीक्षण, तेज़ी से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश

Wednesday, May 28, 2025-05:41 PM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज निर्माणाधीन 6 लेन शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शेरपुर में स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने गंगा नदी में चल रहे पुल निर्माण कार्य का भी स्थल पर जाकर जायजा लिया। 

PunjabKesari

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि नेशनल हाई-वे ऑथरिटी ऑफ इंडिया (एन०एच०ए०आई०), भारत सरकार द्वारा गंगा नदी पर 3200 करोड़ रूपये की लागत से 6 लेन गंगा पुल का निर्माण कराया जा रहा है। यह पुल पटना जिला के शेरपुर से सारण जिला के दिघवारा तक जाता है। इस पुल की लम्बाई 14.52 किलोमीटर है। यह पुल पटना शहर के रिंग रोड के रूप में भी कार्य करेगा। पुल का निर्माण कार्य 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है। 

PunjabKesari

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि शेरपुर और दिघवारा के बीच बन रहे इस 6 लेन गंगा पुल का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें। इस 6 लेन पुल के नीचे से पटना छोर की तरफ जे०पी० गंगा पथ का भी निर्माण कराया जा रहा है। यह 6 लेन पुल बिहटा सरमेरा पथ से भी जुड़ेगा। 

PunjabKesari

इस पुल का निर्माण पूर्ण होने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच सम्पर्कता और सुगम होगी। साथ ही पटना के पश्चिमी छोर के लोगों को भी एक जगह से दूसरी जगह जाने में सहूलियत होगी। पटना रिंग रोड का हिस्सा होने के कारण लोगों को राजधानी की चारों दिशाओं में आना-जाना आसान होगा।

PunjabKesari
 
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर० पुदुकलकट्टी, पथ निर्माण विभाग के सचिव बी० कार्तिकेय घनजी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ० चंद्रशेखर सिंह, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार, नेशनल हाई-वे ऑथरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारीगण एवं अभियंतागण उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static