सम्राट चौधरी ने लालू-नीतीश को बताया बिहार के सबसे बड़े सामंती, कहा- इन दोनों को आम आदमी की कोई चिंता नहीं
Thursday, Sep 07, 2023-02:05 PM (IST)

पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को सामंतवादी मानसिकता का नेता बताया और कहा कि इन दोनों को आम आदमी की कोई चिंता नहीं है।
"लालू-नीतीश से बड़ा शोषक तीसरा कोई नहीं"
भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार पिछले 35 से अधिक वर्षों से बिहार की सत्ता पर हैं। आज बिहार में इनसे बड़ा शोषक तीसरा कोई नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर जगदेव बाबू की हत्या करवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज यदि वे हमारे बीच नहीं हैं तो इसका सबसे बड़ा दोषी कांग्रेस है। चौधरी ने आरक्षण को लेकर लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यादव ने एक भी व्यक्ति को आरक्षण का लाभ नहीं दिया। उनका आरक्षण मॉडल परिवार तक सीमित है। पहले उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को आरक्षण देकर सीएम बनाया, उसके बाद अपने बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव को आरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद लालू प्रसाद यादव ने आरक्षण अपनी बेटी मीसा भारती को दिया। इसमें कोई शक नहीं कि लालू-नीतीश बिहार के सबसे बड़े सामंती हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि जब भी कोई आरक्षण लागू हुआ तो भाजपा साथ रही। उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि जंगलराज, गुंडाराज के खिलाफ लड़ाई की और नीतीश कुमार ने राज भोगा। उन्होंने कहा भाजपा के सहयोग से ही नीतीश कुमार पांच बार सी एम बने और लालू प्रसाद यादव को भी भाजपा ने मुख्यमंत्री बनाया लेकिन अब भाजपा किसी दूसरे को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। अब भाजपा का कार्यकर्ता ही बिहार का मुख्यमंत्री बनेगा।