"जहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म हुआ, वह बंगाल हमारा है", चुनाव में BJP की सफलता पर बोले सम्राट चौधरी

Monday, May 04, 2026-06:14 PM (IST)

Samrat Choudhary News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सफलता पर खुशी जताते हुए हिंदुत्व विचारक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद किया। चौधरी, जो पिछले महीने बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हैं, ने पड़ोसी राज्य में पार्टी के प्रदर्शन पर सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट के जरिये अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। 

सम्राट चौधरी ने लिखा, "जहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म हुआ, वह बंगाल हमारा है। पश्चिम बंगाल की देशभक्त जनता को विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जनादेश के लिए हृदय से कोटि-कोटि धन्यवाद।" मुख्यमंत्री ने इस जनादेश को राष्ट्रवाद और विकास के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के शानदार प्रदर्शन के बाद बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। 

इस दौरान मिठाइयां और 'झालमुड़ी' बांटी गई तथा आतिशबाजी भी की गई। मतगणना के दौरान इन राज्यों में भाजपा की बढ़त की खबर मिलते ही प्रदेश कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुट गए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। कार्यकर्ताओं ने 'भारत माता की जय' और 'जय श्रीराम' के नारे भी लगाए। 

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित पार्टी के कई विधायक और विधान परिषद सदस्य मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी रणनीति, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संगठनात्मक मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static