बिहार के रिटायर्ड IAS उत्पल कुमार सिंह को मिली अहम जिम्मेदारी, बनाए गए लोकसभा सचिव
Tuesday, Sep 01, 2020-12:28 PM (IST)

जमुईः बिहार में जमुई जिले के रहने वाले भारतीस प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी उत्पल कुमार सिंह को लोकसभा का सचिव बनाया गया है। लोकसभा सचिवालय ने उत्पल कुमार की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी है।
पूर्व अधिकारी उत्पल कुमार की नियुक्ति आज यानी एक सितंबर से प्रभावी मानी जाएगी। वर्ष 1986 बैच के उत्तराखंड कैडर के आईएएस अधिकारी रहे उत्पल कुमार पिछले महीने ही 31 जुलाई को उत्तराखंड राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। लोकसभा में सचिव बनाए गए उत्पल कुमार केन्द्र सरकार के कई विभागों में कई पदों पर काम कर चुके हैं।
लोकसभा में सचिव पद पर नियुक्त होने की जानकारी के बाद उत्पल कुमार के पैतृक गांव जमुई जिले के बरहट प्रखंड के मलयपुर में लोगों के बीच खुशी का माहौल है। गांव वालों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को धन्यवाद दिया है। पूर्व आईएएस अधिकारी के चाचा जुगल किशोर सिंह ने बताया कि उत्पल वर्ष 1986 में आईएएस अधिकारी बने थे। 31 जुलाई को उत्तराखंड के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। आवकाश प्राप्त करने के बाद भी उनकी कर्तव्य निष्ठा और ईमानदारी को देखते हुए उन्हें फिर से सम्मान दिया गया और उन्हें लोकसभा में सचिव पद पर नियुक्त किया गया है।