बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री को फिर मिला बंगला खाली करने का नोटिस, इस मंत्री को आवंटित हुआ आवास
Saturday, May 30, 2026-11:29 AM (IST)
Bihar News: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri Devi) को पटना स्थित 10 सकुर्लर रोड सरकारी आवास खाली करने के लिए एक बार फिर नोटिस जारी किया गया है। बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार को यह नोटिस जारी करते हुए राबड़ी देवी आवास शीघ्र खाली करने को कहा है।
नंद किशोर राम को आवंटित हुआ आवास
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 सकुर्लर रोड का आवंटन बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम के नाम किया जा चुका है। विभाग का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास पहले ही आवंटित किया जा चुका है। संयुक्त सचिव-सह-भू संपदा पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राबड़ी देवी 39 हार्डिंग रोड स्थित नए आवास का अधिग्रहण करें और 10 सकुर्लर रोड स्थित सरकारी आवास तत्काल खाली करें। पत्र में यह भी लिखा गया है कि इस प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकार की मंजूरी प्राप्त है।
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने किया बड़ा ऐलान, बनाए जाएंगे ब्रांड एंबेसडर
राबड़ी देवी को अपमानित करने की कोशिश- RJD
वहीं राबड़ी आवास खाली करने के नोटिस पर राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि इस बंगले के आवंटन को लगभग 20 साल से ज्यादा हो गया, लेकिन अब इसे किसी अन्य के नाम से आवंटन किया गया है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता सत्ता की हनक दिखाना चाहते हैं, इसलिए यह नोटिस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा करते हुए राबड़ी देवी को अपमानित करने की कोशिश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नवंबर 2025 में बंगला खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। लालू-राबड़ी परिवार लंबे समय से 10, सकुर्लर रोड आवास में रह रहा हैं।

