शिक्षकों के लंबित आवेदनों का जल्द होगा निपटारा, शिक्षा मंत्री ने दिए सख्त निर्देश
Tuesday, Aug 18, 2026-12:50 PM (IST)
पटना: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सोमवार को विभागीय अधिकारियों को शिक्षकों के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए हैं। तिवारी ने विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक कर विभिन्न कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और कहा कि 05 सितंबर के बाद ऑफलाइन आवेदन बंद कर दिए जाएंगे। अब सभी शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष पोटर्ल पर ही आवेदन देना होगा।
शिक्षा मंत्री ने बैठक में लाइब्रेरियन की बहाली चर्चा की और इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। बिहार शिक्षा सेवा के नवनियुक्त अधिकारियों को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) की जिम्मेदारी देने पर भी विमर्श किया गया। इसके साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारियों को भी इस दायित्व के लिए प्राथमिकता देने पर विचार किया गया। समीक्षा बैठक में संस्कृत और मदरसा शिक्षकों के सात माह के बकाए वेतन के भुगतान की समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 05 सितंबर से पहले बकाए वेतन के भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में तेजी से काम किया जाए। तिवारी ने कहा कि अररिया, सारण, मधुबनी और भागलपुर स्थित राजकीय संस्कृत उच्च विद्यालयों सहित ऐसे विद्यालयों, जहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, वहां समेकित विद्यालय खोले जाएंगे। इन विद्यालयों में संस्कृत की पढ़ाई भी जारी रहेगी। जिन विद्यालयों की भूमि पर अतिक्रमण है, उसे मुक्त कराया जाएगा। साथ ही संस्कृत शिक्षा के विकास और उत्थान के लिए एक समिति गठित की जाएगीजिसमें संस्कृत विषय के विद्वानों को भी शामिल किया जाएगा।

