समस्तीपुर में पैक्स अध्यक्ष शंभू राय की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने की आगजनी

1/28/2022 4:32:23 PM

समस्तीपुरः बिहार में अपराधियों ने आतंक मचा रखा है। आए दिन बेखौफ अपराधी बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। आलम यह है कि बदमाश आम लोगों के साथ-साथ नेताओं को भी अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला समस्तीपुर जिले का है, जहां अपराधियों ने प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) अध्यक्ष सह राष्ट्रीय जनता दल (नेता) शंभू कुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के पटोरी थाना क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पैक्स अध्यक्ष सह राजद नेता शंभू राय जिले के पटोरी बाजार से गुरूवार की रात अपने गांव दरबा बाइक से जा रहे थे। इस दौरान चंदन चौक पर बाइक सवार दो अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। पैक्स अध्यक्ष की हत्या के विरोध मे आक्रोशित लोगों ने आज जिले के चंदन चौक पर शव के साथ आगजनी की और रोड जाम कर स्थानीय पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। जाम एवं प्रदर्शन के कारण मोहिउद्दीननगर-पटोरी-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त किया गया।

पैक्स अध्यक्ष की हत्या मामले मे परिजनों द्वारा दिए गए बयान पर पटोरी थाना में तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एंव पूर्व मंत्री बैधनाथ सहनी, स्थानीय राजद विधायक रणविजय साहू, राजद की प्रदेश प्रवक्ता ऐज्या यादव और पूर्व जिला पार्षद संजय राम ने घटनास्थल पर पहुंच कर पैक्स अध्यक्ष शंभू राय की हुई नृशंस हत्या की निंदा की एवं हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग प्रशासन से की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static