मुकेश सहनी मामले में बोले नीतीश- सहनी ने जानबूझकर नहीं की गलती, अब उन्हें कर दें माफ

Sunday, Mar 07, 2021-11:56 AM (IST)

पटनाः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाजीपुर के एक सरकारी कार्यक्रम में मंत्री मुकेश सहनी की जगह उनके भाई के जाने को लेकर कहा कि कभी-कभी ऐसा होता है कि लोगों को सारी बातों की जानकारी नहीं होती है। सहनी ने महसूस किया है कि उनसे चूक हुई है। उन्होंने इसके संबंध में पत्रकारों को सारी बातें बता दी है।

नीतीश ने कहा कि पार्टी या परिवार को कोई व्यक्ति सरकारी कार्यक्रम में आपकी जगह चला जाए यह ठीक नहीं है। कोई भी सरकारी कार्यक्रम में जा सकता है, देख सकता है लेकिन औपचारिक रूप से इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम में जो भूमिका आपको निभानी है वो कोई दूसरा नहीं निभा सकता है। यह सारी बातें हो गई हैं। सहनी ने सारी बातें मान ली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में उन्हें विधानसभा में एक प्रेस नोट के माध्यम से जानकारी मिली। उन्हें इन सब बातों को जानकर आश्चर्य हुआ था। सहनी ने जानबूझकर कोई गलती नहीं की थी। इसको लेकर उनको कोई आइडिया नहीं था। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि उनसे अब कोई गलती नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इस सवाल को उठाया है वह उनको भी धन्यवाद देते हैं कि यह बात सामने आने से सारी बातों का पता चल गया। अब इस बात को आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है। सहनी को खुद इसका एहसास हो गया है। अब उनको क्षमा कर देनी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static