BJP नेता रविशंकर का हमला- सत्ता और स्वार्थ की खातिर नीतीश ने बिहार को धकेल दिया पीछे

Sunday, Aug 28, 2022-01:16 PM (IST)

बांकाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़ महागठबंधन के साथ सरकार बनाने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा नीतीश कुमार ने सत्ता और स्वार्थ की खातिर प्रदेश के विकास को पीछे धकेल दिया है।

"राज्य में आतंक और अशांति का माहौल"
रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार एक ओर जहां विकास की ओर अग्रसर हो रहा था वहीं नीतीश कुमार ने अपने स्वार्थ की खातिर उसे एक झटके में पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा जिन ताकतों के खिलाफ रहे आज उन्हीं लोगों से हाथ मिलाकर राज्य में अराजकता और अपराधियों का साम्राज्य स्थापित करने में मदद कर रहे हैं। आज प्रदेश में आतंक और अशांति के साथ हत्या, अपहरण, लूट जैसे अपराध का माहौल हो गया है।

"राजनैतिक महत्वाकांक्षा के लिए कुछ भी कर सकते हैं नीतीश"
भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी राजनैतिक महत्वाकांक्षा के लिए कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने राजनीतिक अनैतिकता की पराकाष्ठा पर पहुंच कर लोकतंत्र की हत्या कर दी है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार प्रदेश में विकास, उद्योग और खुशहाली के सपनों का गला घोंटकर अपने स्वार्थ सिद्ध में लगे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार भ्रष्टाचार, और जंगलराज के खिलाफ संघर्ष करते रहे और आज उसी के सामने घुटने टेक दिए। जनता के साथ धोखाधड़ी करने वाले को वह कभी माफ नहीं करेगी।

"2025 में पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी BJP" प्रसाद ने कहा, ‘‘हमने नीतीश कुमार को हमेशा साथ रखकर मुख्यमंत्री पद पर आसीन किया लेकिन वहीं हमें छोड़ कर गए, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा। इतने गांठ वाली यह सरकार समय से पहले ही खत्म हो जाएगी। उन्होंने दावा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा बिहार के 35 सीटों पर जीतेगी। साथ ही वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश काफी आगे बढ़ता जा रहा है। प्रसाद ने इससे पूर्व भाजपा के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं प्रबुद्धजनों और अधिवक्ताओं की बैठक को संबोधित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static