वैभव सूर्यवंशी को CM नीतीश का तोहफा, 50 लाख रुपए का चेक एवं अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
Sunday, Feb 22, 2026-06:46 PM (IST)
Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने रविवार को अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप-2026 की विजेता भारतीय टीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार को गौरवान्वित करने वाले वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रूपए का चेक एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 की भारत की जीत में उन्होंने अपनी महत्वूपर्ण भूमिका निभाई। वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बने हैं। उनकी शुभकामना है कि वैभव सूर्यवंशी भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी इसी तरह से अच्छा क्रिकेट खेलते रहें और राज्य एवं देश का नाम रौशन करते रहें । सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कराया जा रहा है। खिलाड़ियों को सरकार प्रोत्साहित करते हुए उन्हें हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करा रही है। कुमार ने कहा कि हम सब लोगों के लिए यह प्रसन्नता की बात है कि बिहार के बेटे वैभव सूर्यवंशी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी बिहार के बच्चों के लिए प्रेरणा हैं, वह उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, खेल विभाग के सचिव महेन्द्र कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण सहित अन्य वरीय अधिकारी, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधि राकेश तिवारी, क्रिकेट खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी, भाई उज्ज्वल एवं आशीर्वाद सूर्यवंशी तथा अभिजीत डिसूजा उपस्थित थे।

