भाजपा कार्यकर्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज कर नीतीश कुमार ने अपनाया ममता का दमन मॉडलः सुशील मोदी

Saturday, Jul 15, 2023-10:37 AM (IST)

पटना: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पश्चिम बंगाल की व्यापक चुनावी हिंसा और विपक्षी कार्यकर्ताओं की हत्या का मौन समर्थन करते हुए यही हथकंडा बिहार में अपना लिया, जिसका प्रमाण गुरुवार के विधानसभा मार्च के दौरान लाठीचार्ज से भाजपा कार्यकर्ता की मृत्यु और 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं का जख्मी होना है।

सुशील मोदी ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि विधानसभा मार्च के दौरान न एक पत्थर चला, न कहीं तोड़फोड़ हुई और न प्रदर्शनकारियों ने किसी पर हमला किया। इसके बावजूद बिना किसी उकसावे के पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तरह नीतीश कुमार विपक्षी कार्यकर्ताओं को पुलिस की लाठी से डराना चाहते हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि लाठीचार्ज से भाजपा कार्यकर्ता विजय कुमार सिंह की मौत पर पुलिस झूठ बोल रही है और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के लोग उसी को सही बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि पटना के एसएसपी का यह बयान गलत है कि अनुमति केवल सभा करने की थी। यदि ऐसा था, तो गांधी मैदान से डाक बंगला जाने ही क्यों दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static