बक्सर को विकास की नई उड़ान, CM नीतीश ने की करोड़ों की घोषणाएं
Saturday, Feb 15, 2025-06:38 PM (IST)

बक्सर: बक्सर जिले को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात दी। शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सड़क, तटबंध, खेल और सांस्कृतिक सुविधाओं से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स की घोषणा की गई। ज्योति चौक से बक्सर गोलंबर तक सड़क चौड़ीकरण, बक्सर-कोइलवर तटबंध का कालीकरण, आईटीआई मैदान में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां संगीत महाविद्यालय और राष्ट्रीय राजमार्ग-922 से बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर तक सड़क विस्तार जैसी परियोजनाएँ जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बक्सर सहित पूरे बिहार में तेज़ी से काम हो रहा है और आगे भी जरूरतों के अनुसार योजनाओं को लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं
- ज्योति चौक से बक्सर गोलम्बर पथ का चौड़ीकरण किया जायेगा।
- बक्सर-कोइलवर तटबंध का कालीकरण एवं सड़क निर्माण किया जायेगा।
- कॉव नदी पर मलई बराज का कार्य पूर्ण किया जायेगा। इसका लगभग 93 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
- आई.टी.आई. मैदान में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जायेगा।
- भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ संगीत महाविद्यालय स्थापित किया जायेगा।
- राष्ट्रीय उच्च पथ- 922 से बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर एवं बाजार तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया जायेगा।
- बक्सर शहर में प्रेक्षागृह का निर्माण किया जायेगा।
- भोजपुर-सिमरी पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जायेगा।
- बड़ी मस्जिद से सेंट्रल जेल तक पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जायेगा।
- धनसोई बाजार बाईपास पथ का निर्माण किया जायेगा।
- बक्सर के बक्सर सदर, सिमरी, चौसा, चौगाई एवं केसठ प्रखण्डों में नये प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण कराया जायेगा।
- एन.एच.- 922 से चक्की ग्राम होते हुये जनेश्वर मिश्रा गंगा सेतु तक सीधी सम्पर्कता प्रदान करने हेतु भारत सरकार से अनुरोध किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सब कामों को करा दिया जायेगा और इसके अतिरिक्त बक्सर जिले में और कोई भी जरूरत होगी, उसको भी कराया जायेगा। उन्होने कहा कि बिहार के हर क्षेत्र में हो रहा है रहा है, आगे और तेजी से काम होगा।