शौच के लिए निकली ननद-भाभी से सामूहिक दुष्कर्म, 6 दरिंदो ने जबरन अगवा कर किया.....
Monday, Apr 27, 2026-04:37 PM (IST)
Bihar Crime: बिहार के गोपालगंज जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां शौच के लिए निकलीं ननद और भाभी के साथ छह युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
बांसवारी में घात लगाकर किया अपहरण
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं घर के पास बांसवारी में शौच के लिए जा रही थीं। तभी नवनिर्मित हाईवे के नीचे पुलिया के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने दोनों को जबरन अगवा कर लिया और फिर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
वहीं जब दोनों पीड़ितों ने घर पहुंचकर आपबीती सुनाई तो परिजनों ने जादोपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर थाना प्रभारी सौरभ कुमार सुमन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने 2 आरोपियों अनुज कुमार और नीतीश कुमार गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने अपना जुर्म भी स्वीकार कर लिया। वहीं अन्य आरोपी पवन कुमार श्रीवास्तव, बादल कुमार, बुलेट कुमार और अजय कुमार फरार बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ितों की मेडिकल जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) टीम की मदद ली गई है।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

