Bihar Monsoon Update: बिहार में सक्रिय हुआ मॉनसून...33 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
Friday, Jun 23, 2023-03:53 PM (IST)

Bihar Weather: बिहार में मानसून (Bihar Monsoon Update) सक्रिय हो गया है। इसके कारण कई स्थानों पर अच्छी वर्षा हो रही है। वहीं, मौसम विभाग ने आज यानि ( 23 जून) को भी बिहार के 33 जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी शुक्रवार को 33 जिलों में बारिश की संभावना है। जिसमें राजधानी पटना, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, भोजपुर, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, खगरिया, बांका, अररिया, किशनगंज, बक्सर, कैमूर, रोहतास, समस्तीपुर, दरभंगा, भागलपुर, सारण, वैशाली और कटिहार शामिल है। जबकि पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज जिले में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
बीते 24 घंटे में पूरे राज्य के तापमान में देखने को मिली गिरावट
विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 4 दिनों तक राज्य के अधिकतर भागों में मानसूनी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं, बीते 24 घंटे में पूरे राज्य के तापमान में गिरावट देखने को मिली। गुरुवार को सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना की बात करें तो गुरुवार को पटना का तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें कि बिहार के सभी जिलों में 26 जून तक बारिश की संभावना जताई गई है।