नालंदा में ''कर्पूरी चर्चा कार्यक्रम'' में शामिल हुए मंत्री अशोक चौधरी, बोले- उनके अधुरे सपने को सरकार कर रही पूरा
Sunday, Oct 01, 2023-01:35 PM (IST)

नालंदा: बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी शनिवार को नालंदा जिला अंतर्गत इस्लामपुर के स्नातक कॉलेज में आयोजित जननायक कर्पूरी चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। वहां चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर वहां मौजूद कार्यकर्ता साथियों एवं आमजन को संबोधित किया।
'बिहार को नीतीश ने अपनी दूरदर्शिता से 2.68 लाख करोड़ से ऊपर पहुंचाया'
चौधरी ने कहा कि सबसे पहले नालन्दा की इस धरती को नमन करते है, जिसके लाल ने पूरे देश और दुनिया को एक नई दिशा देने का काम किया। आपको जानकर प्रसन्नता होगी कि जो बिहार कभी मात्र 28 हजार करोड़ का बिहार था वो आज नीतीश कुमार जी ने अपनी दूरदर्शिता और कार्यकुशलता से 2.68 लाख करोड़ से भी ऊपर पहुंचाया है। जहां वर्ष 2004-05 में पूरे समाज कल्याण विभाग का बजट 40.48 करोड़ हुआ करता था, राज्य सरकार द्वारा सबसे पहले वर्ष 2007 में पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का नोडल विभाग के रूप में गठन किया। माननीय नेता के कुशल वित्तीय प्रबंधन से आज वित्तीय वर्ष 2022-23 में केवल पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का बजट 1878.53 करोड़ हो गया।
अशोक चौधरी ने कहा कि जो नेता बड़ा होता है उसकी सोच बड़ी होती है और वह नेता चाहता है कि पारदर्शिता के साथ-साथ मूल मंत्र न्याय के साथ विकास करने की दूरदृष्टि होती है। आजादी के 70 वर्ष के बाद भी जो लोग पिछड़े पायदान पर है, जिनको राजनैतिक रूप से लाभ नहीं मिल सका, सामाजिक रूप से सबल नहीं हो सके, शिक्षा का अधिकार नहीं दिया गया वैसे लोगों को हम ताकत देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि साथियों हम आपसे आग्रह और निवेदन करने आए है कि यह कर्पूरी चर्चा है और कर्पूरी चर्चा का अर्थ है कि पिछड़े-अतिपिछड़े भाईयों को एक जगह इकट्ठा करें और उन्हें बताये कि आने वाले समय में कैसे आपकी आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक परिकल्पना सुदृढ़ हो, मजबूत हो इस विषय पर चिन्तन करना है।
'नीतीश कुमार के कार्यकाल को लिखा जाएगा स्वर्ण अक्षरों में'
चौधरी ने आगे कहा कि हम सबके माननीय नेता ने अपने शासन काल में इस प्रदेश में महादलित के लोगों को, दलित के लोगों को, अतिपिछड़ो को, इस प्रदेश का आधी आबादी महिलाओं को राजनैतिक रूप से सबल करने का काम किया। जिस प्रदेश को कभी बिमारू प्रदेश के नाम से लोग बुलाते थे आज माननीय नेता (नीतीश कुमार) के नेतृत्व में यह प्रदेश देश के सबसे तेज गति से विकास दर के साथ महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों को पीछे करते हुए आगे बढ़ने वाला राज्य बन गया हैं, आने वाले समय में नीतीश कुमार के कार्यकाल को स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।