वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी, महिला SHO निलंबित; 50 पुलिसकर्मियों पर गिरेगी गाज
Friday, Apr 24, 2026-10:23 AM (IST)
Bihar News: बिहार के पूर्णिया जिले में सोशल मीडिया पर वर्दी में अपनी रील पोस्ट करने के आरोप में एक महिला पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के उल्लंघन के आरोप में की गई है।
पिछले वर्ष भी चर्चा में रही थीं आजमी
जिला पुलिस की एक विज्ञप्ति के अनुसार, महिला थाना की प्रभारी शबाना आजमी को पूर्णिया की पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत ने निलंबित किया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि आजमी अपने सोशल मीडिया खाते पर वर्दी में नियमित रूप से रील पोस्ट कर रही थीं, जो पुलिस मुख्यालय से जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का उल्लंघन है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी चेतावनी दी है कि जिले में इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आजमी पिछले वर्ष भी चर्चा में रही थीं, जब पूर्णिया में एक पुलिस चौकी की प्रभारी रहने के दौरान उन्होंने अपने एक बुजुर्ग रिश्तेदार को अपनी कुर्सी पर बैठने दिया था, जिसको लेकर उनकी आलोचना हुई थी।
50 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश
दरअसल, बिहार पुलिस मुख्यालय ने वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करने वाले 50 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है। इन सभी पर निलंबन के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस मुख्यालय का सोशल मीडिया प्रकोष्ठ काफी समय से ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए था। मुख्यालय ने संबंधित जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधीक्षक (SP) को चिन्हित पुलिसकर्मियों की सूची भेज दी है तथा कार्रवाई कर रिपोर्ट मांगी है।
बताया जा रहा है कि इन 50 पुलिसकर्मियों में 32 महिला और 18 पुरुष जवान शामिल हैं, जो राज्य के 20 जिलों में तैनात हैं। सूची में पटना जिला सबसे ऊपर है, जहां 16 पुलिसकर्मी कार्रवाई की जद में आएंगे। नालंदा और मधुबनी जिले में 4-4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन कर सोशल मीडिया पर अनुशासनहीन गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

