Karnataka Election Result: बिहार में सत्तारूढ़ "Mahagathbandhan" ने परिणाम का किया स्वागत

Sunday, May 14, 2023-11:26 AM (IST)

पटनाः बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के शानदार जीत का जश्न मनाया। महागठबंधन में जनता दल (यूनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ-साथ कांग्रेस भी महत्वपूर्ण गठबंधन सहयोगी है। दशकों से प्रदेश में कांग्रेस मुख्यालय के रूप में काम कर रहे ऐतिहासिक सदाकत आश्रम परिसर में जश्न का माहौल दिखा।

image.png

कर्नाटक में पार्टी को मिली शानदार जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां ढोल बजाया और मिठाइयां बांटी। कांग्रेस के विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा ने कहा, ‘‘परिणाम दिखाते हैं कि बजरंग बली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नाराज हो गए हैं और कांग्रेस को आशीर्वाद दिया है। भ्रष्टाचार के मुद्दे को गौण करने और धार्मिक आधार पर वोटों के ध्रुवीकरण का भाजपा का प्रयास उल्टा पड़ा।'' उन्होंने कहा कि कर्नाटक में शर्मनाक हार के बाद अब भाजपा को ‘‘अगले साल लोकसभा चुनाव में विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए तैयार हो जाना चाहिए। वह विपक्ष की भूमिका बेहतर निभाती है। लेकिन सत्ता में आने पर हमेशा लड़खड़ा जाती है।'' वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जद(यू) भी इस खुशी में शामिल है। पार्टी इस बात को लेकर भी उत्साहित है कि भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करके नीतीश ‘राष्ट्रीय भूमिका' में आ रहे हैं, हालांकि बिहार के मुख्यमंत्री ने स्वयं को प्रधानमंत्री पद का दावेदार मानने से इंकार कर दिया है।

image.png

जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने ट्वीट किया है, ‘‘कर्नाटक में भाजपा ने हर हथकंडा अपना लिया यहां तक कि साम्प्रदायिक कार्ड भी जमकर खेला। प्रधानमंत्री ने भी इस स्तर पर उतर कर चुनाव प्रचार किया जो उनकी कद को शोभा नहीं देता है। लेकिन कर्नाटक में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के आगे सभी हथकंडे विफल रहे और राज्य अब भाजपा मुक्त होने वाला है।'' ललन सिंह ने कहा, ‘‘पिछले कुछ समय में भाजपा कर्नाटक और दिल्ली नगर निगम की सत्ता से बाहर हुई है। इस साल मध्य प्रदेश भी भाजपा मुक्त होना चाहिए और 2024 में देश भी, बस इंतजार करें।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static