लालू यादव की अचानक तबीयत बिगड़ी, जानिए डॉक्टरों ने जांच के बाद क्या कहा
Saturday, Jul 18, 2026-10:27 AM (IST)
Lalu Yadav News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव (Lalu Yadav) को शुक्रवार की दोपहर के बाद तबीयत बिगड़ने के कारण इन्दिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के बाद उन्हें घर जाने की इजाजत मिल गई।
राजद के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बताया कि दोपहर बाद करीब तीन बजे लालू यादव को चक्कर आने की शिकायत महसूस हुई। इसके बाद पुत्री मीसा भारती तथा परिवार के अन्य सदस्य यादव को आनन फानन में आईजीआईएमएस ले गए, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनका चिकित्सकीय देखभाल किया। इस दौरान लालू यादव के ज्येष्ठ पुत्र तेजप्रताप यादव भी मौजूद थे।
मुख्य प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री का ब्लडप्रेशर कम होने के बाद चक्कर आया था। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में जांच तथा इलाज के बाद लालू यादव की हालत अब अच्छी है और वह घर वापस लौट आए हैं। वहीं लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने बताया कि शनिवार को उन्हें दिल्ली ले जाया जाएगा। पिता की हालत को लेकर उन्होंने बताया कि डॉक्टर्स ने कुछ परहेज करने को कहा है।

