भक्तचरण दास को अपमानित किए जाने पर भड़के पप्पू यादव, बोले- पुत्र मोह में धृतराष्ट्र बन गए लालू

Tuesday, Oct 26, 2021-01:19 PM (IST)

पटनाः जन अधिकार पार्टी (जाप) के अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने राजद अध्यक्ष लालू यादव के कांग्रेस के बिहार मामलों के प्रभारी भक्तचरण दास को ‘भकचोन्हर दास' कहे जाने को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद अध्यक्ष पुत्र मोह में धृतराष्ट्र बन गए हैं और वह संजय की आंखों से प्रदेश को देख रहे हैं और दलित नेताओं को अपमानित करना उनकी पुरानी आदत है।

जाप अध्यक्ष ने सोमवार को हवाईअड्डा पर पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘लालू यादव पुत्र मोह में धृतराष्ट्र बन गए हैं और संजय की आंखों से बिहार को देख रहे हैं। आज भी उनके लिए परिवार ही सबकुछ हैं। वर्ष 1990 से लेकर अभी तक दलितों के प्रति उनके व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया हैं। दलितों के प्रति उनकी सोच नकारात्मक रही हैं। दलित नेताओं को अपमानित करना लालू यादव की पुरानी आदत है।''

पप्पू यादव ने कहा कि लालू यादव हमेशा दलित नेताओं के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते रहे है। उन्होंने रामसुंदर दास, कर्पूरी ठाकुर, रामविलास पासवान, जीतनराम मांझी से लेकर भक्त चरण दास तक सबके लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। आज भी इनमें कोई परिवर्तन नहीं आया हैं। जाप अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार का विपक्ष भाजपा से मिला हुआ हैं। जन अधिकार पार्टी मजबूती से कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेगी। उन्हें लगता है सेवा के आधार पर उपचुनाव होगा। जनता सेवा करने वाले उम्मीदवार को अपना समर्थन देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static