चारा घोटाला मामले में सजा होने के बाद लालू का ट्वीट- "वे हरा नहीं सकते, इसलिए साजिशों से फंसाते हैं"

Tuesday, Feb 22, 2022-09:49 AM (IST)

पटनाः चारा घोटाले के एक और मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर परोक्ष रूप से प्रहार करते हुए सोमवार को कहा कि वह ‘‘उनसे लड़ते हैं, जो लोगों को आपस में लड़ाते हैं।''

लालू को चारा घोटाला के एक और मामले में पिछले हफ्ते दोषी ठहराया गया है और उन्हें पांच साल कैद की सजा सुनाई गई है और वह रांची में न्यायिक हिरासत में हैं। लालू के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया है, ‘‘मैं उनसे लड़ता हूं, जो लोगों को आपस में लड़ाते हैं। वे हरा नहीं सकते, इसलिए साजिशों से फंसाते हैं।” उनके ट्विटर का प्रबंध उनके करीबी लोग करते हैं। ट्विटर पर उनके हवाले से कहा गया है, ‘‘ना डरा, ना झुका, सदा लड़ा हूं, लड़ता ही रहूंगा। लड़ाकों का संघर्ष कायरों को ना समझ आया है, ना आएगा।”

लालू के हवाले से उनके ट्विटर अकाउंट पर कहा गया है, ‘‘अन्याय, असमानता से, तानाशाही, ज़ुल्मी सत्ता से लड़ा हूं, लड़ता रहूंगा। डाल कर आंखों में आंखें, सच जिसकी ताकत है, साथ है जिसके जनता, उसके हौसले क्या तोड़ेंगी सलाखें।” लगभग तीन साल सलाखों के पीछे रहने के बाद लालू को पिछली साल जमानत मिली थी। उन्होंने अपने दोनों ट्वीट में किसी का नाम नहीं लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static