महागठबंधन के CM फेस को लेकर कन्हैया कुमार ने खत्म किया सस्पेंस, बताया कौन होगा प्रमुख चेहरा?

Friday, Jun 27, 2025-01:21 PM (IST)

Bihar Elections 2025: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) ने शुक्रवार को कहा कि बिहार में ‘महागठबंधन' की तरफ से मुख्यमंत्री पद के लिए तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के प्रमुख चेहरा होने को लेकर कोई असमंजस और विवाद नहीं है क्योंकि विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन के जीतने पर सबसे बड़े घटक दल के रूप में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का नेता ही स्वाभाविक रूप से मुख्यमंत्री होगा। 

"हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे"
कन्हैया कुमार ने एक न्यूज एजेंसी को दिए साक्षात्कार में यह भी कहा कि चुनाव में मुद्दे महत्वपूर्ण हैं, लेकिन एक "साजिश" के तहत इनसे ध्यान भटकाने के लिए बार-बार चेहरे की बात की जा रही है। बिहार में वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति के बारे में पूछे जाने पर कन्हैया कुमार ने कहा, ‘‘मेरे खयाल से पिछली बार भी बदलाव का माहौल था। थोड़े अंतर से महागठबंधन की सरकार नहीं बन पाई। पिछले पांच वर्षों से बिहार की जो स्थिति है, उससे लगता है कि (इस बार) बदलाव की बयार पहले से ज्यादा मजबूत है। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के प्रभारी ने महागठबंधन के घटक दलों का उल्लेख करते हुए कहा, "हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे। जिसकी बड़ी जिम्मेदारी है वह निभाएगा और जिसकी छोटी जिम्मेदारी है, उसका भी निर्वहन जरूरी है। एक चुटकी नमक कम तो खाना बेस्वाद और एक चुटकी ज्यादा हो तो भी खाना बेस्वाद... इसलिए सब अपनी अपनी भूमिका निभाएंगे।" 

"मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह जनता तय करती है"
महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री के चेहरे और तेजस्वी यादव से जुड़े सवाल पर कन्हैया कुमार ने कहा, "मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह जनता तय करती है। जिसके पास संख्याबल है वह मुख्यमंत्री बनेगा। स्वाभाविक रूप से राजद ज्यादा सीटों पर लड़ेगी और ज्यादा सीटों पर जीतेगी। संख्याबल उसके पास होगा और मुख्यमंत्री पद पर उनकी दावेदारी होगी, इसको लेकर कोई संदेह नहीं है।" यह पूछा गया कि क्या प्रमुख चेहरा तेजस्वी का है और इसको लेकर महागठबंधन कोई असमंजस नहीं है? इस पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, "इसमें कोई संदेह, संकट या विवाद नहीं है। इसमें बिल्कुल स्पष्टता है कि महागठबंधन में प्रक्रिया के तहत चीजें हो रही हैं। सारी पार्टियों को मिलाकर मीडिया समूह बना है, सारी पार्टियों को मिलाकर घोषणापत्र समिति बनी है, सारी पार्टियां मिलकर सीटें तय करेंगी।" 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static