ऑनलाइन प्यार का खौफनाक अंजाम! पति को छोड़ प्रेमी के पास पहुंची काजल, ट्रॉली बैग में मिली लाश....होश उड़ा देगा पूरा मामला
Friday, Nov 07, 2025-05:54 PM (IST)
Crime News: बिहार की रहने वाली एक शादीशुदा महिला काजल (22) की प्रेम-कहानी का खौफनाक अंत हुआ। पति से अनबन के बाद काजल ने सोशल मीडिया पर दिल्ली के युवक रवि शर्मा (27) से दोस्ती की थी। चैट, फोन कॉल्स के जरिए धीरे-धीरे रिश्ता गहराता गया...लेकिन इस प्यार का अंजाम काफी भयानक निकला।
सोशल मीडिया पर प्यार, मुलाकातें और फिर हत्या
जानकारी के मुताबिक, काजल की शादी बिहार में हुई थी और उसका एक दो साल का बेटा भी है। लेकिन उसका अपने पति से रिश्ता ठीक नहीं चल रहा था। इसी बीच उसकी फेसबुक के जरिए रवि शर्मा से बात हुई। दोनों के बीच चैट और कॉल्स के जरिए नजदीकियां बढ़ीं और काजल अपने बेटे के साथ दिल्ली पहुंच गई। वहीं दोनों की मुलाकातें शुरू हुईं। लेकिन जब काजल ने रवि पर शादी का दबाव बनाया, तो दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए। इससे परेशान होकर रवि दिल्ली छोड़कर गुजरात के सूरत चला गया और काजल से संपर्क तोड़ दिया।
काजल पहुंची सूरत, प्रेमी ने की बेरहमी से हत्या
लेकिन काजल हार नहीं मानी और रवि के दोस्त से पता लेकर अपने बेटे के साथ सूरत के कोसांबा पहुंच गई। वह वहीं रवि के साथ रहने लगी। रविवार को दोनों में फिर झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर रवि ने काजल की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने काजल की लाश ट्रॉली बैग में बंद की और उसे कोसांबा-तरसादी रोड के पास बने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे गड्ढे में दफना दिया।
फरीदाबाद से गिरफ्तारी, बच्चा सुरक्षित मिला
हत्या के बाद रवि बच्चे को लेकर दिल्ली भाग गया। लेकिन पुलिस ने जांच के दौरान ट्रॉली बैग में काजल की लाश बरामद की और तकनीकी सर्विलांस की मदद से रवि शर्मा को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। काजल का बेटा भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।

