कुशवाहा के पत्र को लेकर JDU नेता ने साधा निशाना- जो पार्टी को कमजोर करने में जुटे, वही बचाने की कर रहे बात
Tuesday, Feb 07, 2023-01:20 PM (IST)

पटना: बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा (Umesh Singh Kushwaha) ने पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) के पत्र को लेकर उन पर निशाना साधाते हुए कहा कि जो खुद जदयू को कमजोर करने की ‘डील' में जुटे हैं, वही उसे ‘बचाने' की बात कर रहे हैं।
कुशवाहा पार्टी की मर्यादा का कर रहें उल्लंघनः उमेश कुशवाहा
उमेश कुशवाहा ने उपेंद्र कुशवाहा की ओर से जारी पत्र पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिनके मान-सम्मान का इतना ख्याल रखा वही दलीय मर्यादा का इस तरह उल्लंघन करेंगे, यह बात सहज विश्वास करने योग्य नहीं लगती। उन्होंने कहा कि हद तो यह है कि जो स्वयं जदयू को कमजोर करने की ‘डील' में जुटे हैं, वही पार्टी को ‘बचाने' की बात कर रहे हैं। जिन्हें जदयू का अस्तित्व खतरे में दिख रहा है, वे शायद यह भूल रहे हैं कि यह पार्टी नीतीश कुमार के संघर्ष से उपजी है, किसी अवसरवादी की मजाल नहीं कि इसकी नींव की एक ईंट भी हिला दे।
"कुशवाहा पार्टी के संयम की लगातार ले रहे परीक्षा"
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जदयू का एक-एक कार्यकर्ता नीतीश कुमार के संस्कार में ढला है, लेकिन उपेन्द्र कुशवाहा इतने वर्षों में भी उनसे सार्वजनिक जीवन की मर्यादा का कोई पाठ नहीं सीख पाए। वे पार्टी के संयम और संस्कार की लगातार परीक्षा ले रहे हैं। वे शायद इस मुगालते में हैं कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता उनकी अनर्गल बातों में आ जाएंगे पर सच यह है कि उनकी मंशा धरी की धरी रह जाएगी।