बोचहां उपचुनाव में जीत को लेकर जगदानंद सिंह बोले- NDA सरकार के खिलाफ है जनता
Saturday, Apr 16, 2022-02:42 PM (IST)

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): बोचहां उपचुनाव में आरजेडी को मिली जीत को लेकर प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए सरकार पर हमला बोला है। जगदानंद ने कहा कि बोचहां विधानसभा क्षेत्र की जनता को धन्यवाद, उन्होंने बता दिया कि वे एनडीए सरकार के खिलाफ हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बेरोजगारी को लेकर जो आवाज दी है। उसे जनता ने भी माना है। उपचुनाव के नतीजे में जनता ने जो बिहार से संदेश दिया है। वह पूरे देश में एनडीए सरकार के खिलाफ चले।
जगदानंद सिंह ने कहा कि तेजस्वी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनता दल आगे बढ़ेगा। एनडीए सरकार में जिस तरह से भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है, जनता त्रस्त है। जनता ने अपना फैसला सरकार को सुनाना शुरू कर दिया है। मौजूदा सरकार में लोग भय के साय में जी रहे हैं। यह सरकार हिंदू मुसलमानों के नाम पर राजनीति कर रही है और लड़ाने का भी काम कर रही है। जगदानंद सिंह ने जेडीयू पर तंज कसते हुए कहा जेडीयू कोई राजनीतिक दल नहीं है। राज्य का एक छोटा सा अंग है जो दूसरे दलों के नेताओं को तोड़कर अपने को खड़ा करने में लगा है।
सीएम नीतीश कुमार द्वारा नालंदा जिले में किए जा रहे भ्रमण को लेकर जगदानंद सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार कभी राष्ट्रपति कभी उपराष्ट्रपति तो कभी राज्यसभा सदस्य की योजना को लेकर ही पलायन की योजना बना रहे हैं। इसलिए नालंदा के भ्रमण कर रहे हैं। जनता के मुद्दों से ही भाग रहे हैं नीतीश कुमार। जगदानंद सिंह ने कहा नीतीश कुमार के लिए सभी जगह के दरवाजे बंद हो चुके हैं तो वह अब भागेंगे कहां।