साहेबगंज और नवगछिया में गरजे मुकेश सहनी, बोले- निषाद एकजुट हुए तो पटना क्या दिल्ली भी दूर नहीं

Tuesday, Dec 05, 2023-05:21 PM (IST)

पटना: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी आज हेलीकॉप्टर यात्रा के क्रम में झारखंड के साहेबगंज और बिहार के नवगछिया पहुंचे। इस दौरान वीआईपी प्रमुख ने दोनों स्थानों पर विशाल रैली को संबोधित किया। 

"वोट की ताकत समझने से ही समाज में आएगा बदलाव" 
मुकेश सहनी ने साहेबगंज के मटियाल और नवगछिया के कचहरी मैदान में रैली को संबोधित करते हुए लोगों से खासकर युवाओं से अपने अधिकार के लिए संघर्ष करने का आह्वान करते हुए कहा कि अपने वोट की ताकत और वोट बैंक को समझने से ही समाज में बदलाव आएगा। उन्होंने इसके लिए एकजुट होने की भी अपील की। इस दौरान सहनी ने आने वाली पीढ़ी  के उज्जवल भविष्य के लिए पढ़ाने तथा अधिकारों के लिए संघर्ष करने का हाथ में गंगाजल लेकर संकल्प लिया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सहनी ने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने कुर्बानियां दी, लेकिन हमे आज भी सही आजादी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी आज निषाद को गुलामी का ही जीवन गुजारना पड़ रहा है। 

"निषाद एकजुट हुए तो पटना क्या दिल्ली भी दूर नहीं" 
'सन ऑफ मल्लाह ' के नाम से चर्चित मुकेश सहनी ने कहा कि आज देश के दिल्ली और पश्चिम बंगाल में निषाद भाइयों को आरक्षण दिया जा रहा है, लेकिन बिहार, यूपी और झारखंड में आरक्षण नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर आज निषाद एकजुट हुए तो पटना और बिहार क्या दिल्ली भी हमसे दूर नहीं है। इससे पहले सहनी को साहेबगंज और नवगछिया पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि जो हमारी सुनेगा उसकी हम भी सुनेंगे, जो हमारी नहीं सुनेगा, उसकी हम भी नहीं सुनेंगे। सहनी ने कहा कि आज निषादों के लिए बजट बनता है लेकिन हमारी सरकार में उचित प्रतिनिधित्व नहीं रहने के कारण उसका सही लाभ हमे नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि आरक्षण नहीं मिलने के कारण आज निषाद आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static