नवादा में निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन: आवास सहायक 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Thursday, Jun 04, 2026-03:32 PM (IST)
Bihar News: बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को नवादा जिले में मेसकौर प्रखंड के ग्रामीण आवास सहायक बीरू कुमार चौधरी 10 हजार रूपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि नवादा जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी धनंजय कुमार ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्रामीण आवास सहायक बीरू कुमार चौधरी के द्वारा इन्दिरा आवास की तिसरी किस्त पास कराने के लिए निर्माणाधीन आवास का फोटो खिंचकर अपलोड करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया।
प्रथम द्दष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कारर्वाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त बीरू कुमार चौधरी को दस हजार रूपये रिश्वत लेते हुए नवादा मेसकौर प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित मुख्य सड़क के किनारे से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

