उपेंद्र कुशवाहा बोले- यदि हमारी सरकार बनी तो मंत्रिमंडल में होंगे 4 उपमुख्यमंत्री

Sunday, Nov 01, 2020-11:52 AM (IST)

मधुबनीः बिहार विधानसभा चुनाव में ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेक्युलर फ्रंट (GDSF) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने वादा किया कि यदि उनकी सरकार बनी तो मंत्रिमंडल में चार उपमुख्यमंत्री होंगे।

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को मधुबनी जिले के बाबूबरही विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में वर्ष 1990 से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार रही है। राजद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग सरकार ने पिछले तीस साल में राज्य के स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब बदलाव का समय आ गया और जनता जीडीएसएफ को सेवा का एक मौका अवश्य दे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, ‘‘यदि मैं जनता के आशीर्वाद से बिहार का मुख्यमंत्री बना तो मेरे मंत्रिमंडल में चार उप मुख्यमंत्री होंगे। ये सभी उप मुख्यमंत्री समाज के सभी वर्ग का प्रतिनिधित्व करेंगे।'' उन्होंने बताया कि एक उप मुख्यमंत्री दलित वर्ग से, दूसरे अतिपिछड़ा वर्ग से, तीसरे अल्पसंख्यक और चौथे गरीब सवर्ण वर्ग से होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Related News

static