पूर्व विधान पार्षद शिव प्रसन्न यादव का निधन, CM नीतीश ने जताया शोक
Saturday, Feb 05, 2022-12:00 PM (IST)
पटनाः जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कद्दावर नेता और पूर्व विधान पार्षद शिव प्रसन्न यादव का निधन हो गया है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की।
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अपने शोक संदेश में कहा कि स्व. यादव एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। वे मृदुभाषी एवं बेहद मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने स्व. यादव के पुत्र से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
बता दें कि शिव प्रसन्न यादव की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें पटना के पारस हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। वहीं शुक्रवार को इलाज के क्रम में ही उनका निधन हो गया। शिव प्रसन्न यादव 78 वर्ष के थे। वे सिवान से लगतार दो बार जदयू कोटे से एमएलसी रह चुके थे।

