बिहार SSC को मिला पूर्व IPS शोभा ओहटकर, सरकार ने अध्यक्ष के रूप में किया नियुक्त
Sunday, Aug 02, 2026-01:16 PM (IST)
पटना: बिहार सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसला लेते हुए बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) में नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। पूर्व आईपीएस अधिकारी शोभा ओहटकर को बिहार कर्मचारी चयन आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।हाल ही में रिटायर हुईं शोभा ओहटकर पदभार ग्रहण करने के बाद से लेकर सरकार के अगले आदेश तक इस पद पर बनी रहेंगी। इसके साथ ही अरविंद कुमार चौधरी को बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
कौन हैं शोभा ओहटकर?
शोभा ओहटकर 1990 बैच की रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी हैं। वे 30 जून को गृह रक्षा वाहिनी एवं फायर सर्विस की महानिदेशक सह कमांडर जनरल के पद से रिटायर हुई थीं। उन्हें बिहटा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित समारोह में विदाई दी गई थी। वे तेज-तर्रार और सख्त स्वभाव के लिए जानी जाती हैं। शोभा ओहटकर का जन्म महाराष्ट्र के पुणे जिले में हुआ। उन्होंने हैदराबाद से पॉलिटिकल साइंस में एमए किया और फिर यूपीएससी परीक्षा पास कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया।
संभाल चुकी हैं कई जिम्मेदारी
अपने लंबे करियर में उन्होंने बिहार के कई जिलों में कानून-व्यवस्था संभाली। बाद में फायर सर्विस और होमगार्ड के आधुनिकीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही। उनके पिता बलराम ओहटकर भी हैदराबाद में एक्साइज कमिश्नर के पद पर सेवा दे चुके हैं। सरकार ने रिटायरमेंट के तुरंत बाद उन्हें एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए BSSC का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

