बिहार के पूर्व मंत्री रामजी दास ऋषिदेव का निधन, CM नीतीश ने जताया शोक

9/15/2020 12:19:19 PM

अररियाः बिहार में अररिया से पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री रामजी दास ऋषिदेव का सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री कुमार ने गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है।

पूर्व सांसद के पुत्र सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को दिन के करीब एक बजे ऋषिदेव की तबियत अचानक खराब हो गई। इससे पहले कि परिजन उन्हें अस्पताल ले जाते दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन अररिया जिले में नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के गोखलापुर स्थित पैतृक आवास पर ही हो गया। पूर्व से उनका इलाज चल रहा था और वह दो दिन पूर्व ही पटना से घर लौटे थे। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

राजनीति में आने से पहले रामजी ऋषिदेव सरकारी मुलाजिम थे। वह फारबिसगंज तथा रानीगंज अंचल में राजस्व कर्मचारी के पद पर तैनात रहे थे। वर्ष 1998 के लोकसभा चुनाव में जब पहली बार अररिया सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खाते में आई तो उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दे दिया और चुनाव लड़कर जीत दर्ज की। भाजपा ने पहली बार इस सीट पर अपना खाता खोला था लेकिन 13 महीने बाद पुन: जब लोकसभा चुनाव हुआ तो उन्हें टिकट से वंचित कर दिया गया।

इसके बाद ऋषिदेव ने समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ा और कड़ी टक्कर देने के बावजूद चुनाव हार गए। उसके बाद भाजपा के टिकट पर उन्होंने वर्ष 2005 में रानीगंज विधानसभा सीट जीती। वह बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में ढाई साल सहकारिता मंत्री और फिर ढाई वर्ष वन एवं पर्यावरण मंत्री के पद पर रहे। लेकिन, भाजपा ने वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव में उन्हें फिर टिकट से वंचित रखा। उन्होंने पार्टी पर दबे-कुचले महादलित वर्ग से जुड़े लोगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।

CM नीतीश ने जताया शोक
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रामजी ऋषिदेव के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि ऋषिदेव एक प्रख्यात राजनेता एवं समाजसेवी थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि कोविड काल के लिए वर्तमान में लागू दिशा-निर्देश के तहत निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static