जमुई कांड पर बिहार में सियासत गरमाई: तेजस्वी बोले- शर्मसार हो रहा है पूरा प्रदेश; CM से मांगा इस्तीफा
Tuesday, Sep 22, 2026-04:17 PM (IST)
पटना: बिहार में कानून-व्यवस्था की कथित बिगड़ती स्थिति को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जमुई छेड़छाड़ घटना के बाद पूरा बिहार शर्मसार हो रहा है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और बिहार में 'गुंडाराज' कायम है। सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आये एक वीडियो में जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की और उसके पुरुष मित्र के साथ कुछ लोगों द्वारा छेड़छाड़ और उत्पीड़न किए जाने का दृश्य सामने आया था। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले के मुख्य आरोपी को एक मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के उपरांत गिरफ्तार कर लिया। जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया था कि घटना 19 सितंबर की शाम की है तथा मामले में तीन आरोपियों को सोमवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
यह भी पढ़ें- जमुई कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी का किया एनकाउंटर
तेजस्वी यादव ने कहा, "इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। यह बेहद शर्मनाक है कि राजग के कुछ नेता, जिनमें मंत्री भी शामिल हैं, इस तरह की घटना को यह कहकर उचित ठहराने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है तथा अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो गया है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
जमुई में लड़की से बदसलूकी: राज्य महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट, सरकार ने दिलाया सख्त कार्रवाई का भरोसा

