शादी से इनकार किया तो रिश्तेदारों को भेज दी युवती की Nude Photos.. बदले की भावना में इंजीनियर की घिनौनी हरकत!
Monday, Feb 02, 2026-05:53 PM (IST)
बिहार डेस्क: मध्य प्रदेश के इंदौर में एकतरफा प्यार और बदले की भावना से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी से इनकार किए जाने से नाराज एक युवक ने युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें रिश्तेदारों को भेजीं और मोहल्ले में चिपकाकर उसकी सामाजिक छवि खराब करने की कोशिश की। इस मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आयुष अग्निहोत्री पेशे से इंजीनियर है और एक निजी कंपनी में डाटा एनालिस्ट के तौर पर कार्यरत है। बताया जाता है कि मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से युवती से उसकी बातचीत हुई थी। लेकिन कुंडली न मिलने के कारण रिश्ता तय नहीं हो सका। इसी के चलते युवक ने जुलाई 2025 से जनवरी 2026 के बीच लगभग सात बार युवती के न्यूड फोटो डाक के जरिए उसके रिश्तेदारों को भेजे। इसके अलावा उसने युवती की छवि खराब करने के लिए उसके मोहल्ले में भी फोटो चिपका दिए।
क्राइम पेट्रोल देखकर सीखा अपराध का तरीका
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने टीवी शो क्राइम पेट्रोल के एपिसोड देखकर अपराध करने के तरीके सीखे थे। वह इस वारदात को अंजाम देते समय मास्क और टोपी पहनता था ताकि उसे आसानी से पहचाना ना जा सके। इतना ही नहीं, आरोपी युवती और उसके परिजनों को एसिड अटैक की धमकी भी दे रहा था।
25 दिनों की गहन जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार
बाणगंगा थाना पुलिस के बाद यह मामला क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। क्राइम ब्रांच ने करीब 25 दिनों की गहन जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से लैपटॉप, प्रिंटर और डाक से भेजे गए पत्र जब्त किए गए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

