बिहार में राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी सम्राट अशोक की जयंती, CM नीतीश ने की घोषणा
Sunday, Apr 10, 2022-01:24 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में महान सम्राट अशोक की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाए जाने की घोषणा की। नीतीश ने शनिवार को सम्राट अशोक की जयंती के अवसर पर सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर में स्थापित महान सम्राट अशोक की सांकेतिक मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने घोषणा की कि महान सम्राट अशोक की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री संजय कुमार कुमार झा ने भी माल्यार्पण कर सम्राट अशोक को नमन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त परामर्शी मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह आयुक्त पटना प्रमंडल कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'सम्राट अशोक की जन्मतिथि का हमने पता लगवाया। सम्राट अशोक के जन्मदिवस पर काफी विवाद था। हमने एक्सपर्ट को बुलाकर जयंती मनाने का दिन तय किया। विचार-विमर्श के बाद चैत में अष्टमी के दिन सम्राट अशोक की जयंती मनाने का दिन तय हुआ। इस दिन सरकारी स्तर पर एक दिन के अवकाश का प्रावधान पूर्व में ही कर दिया गया था। अब आगे से इस दिवस को राजकीय समारोह के रूप में मनाया जाएगा। आपलोगों को मालूम है कि इस कन्वेंशन केन्द्र का नामकरण हमने सम्राट अशोक के नाम पर किया था।'
नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी पहले से कोई तस्वीर नहीं थी। एक्सपर्ट लोगों से विचार-विमर्श कर उनकी सांकेतिक मूर्ति का निर्माण कराया गया। यहां वह हर बार आकर इनकी जयंती पर माल्यार्पण करते रहे हैं। अब आगे से इस दिवस को भी हमेशा के लिए राजकीय समारोह के रूप में शामिल कर दिया जाएगा।