बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव का ऐलान, जानें किस दिन होगी वोटिंग?

Tuesday, May 26, 2026-02:00 PM (IST)

Bihar MLC Election: निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद (MLC) की नौ सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम मंगलवार को घोषित कर दिया। इनमें वह सीट भी शामिल है जो पिछले वर्ष मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) के विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई थी। 

नौ सीट के लिए 18 जून को होगा मतदान
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद रिक्त हुई विधान परिषद सीट पर भी उपचुनाव कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य विधानसभा के सदस्य इन नौ सीट के लिए 18 जून को मतदान करेंगे। मतगणना भी उसी दिन शाम को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक संपन्न कर ली जाएगी। आयोग ने कहा कि चुनाव के लिए अधिसूचना एक जून को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। 

जिन विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है, उनमें कुमुद वर्मा, गुलाम गौस, मोहम्मद फारूक, भीष्म साहनी, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, संजय प्रकाश, समीर कुमार सिंह और सुनील कुमार सिंह शामिल हैं। श्रीभगवान सिंह कुशवाहा विधानसभा चुनाव में निर्वाचित होने के बाद विधान परिषद की सदस्यता छोड़ चुके हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static