दुखद खबर: दरभंगा राज परिवार की अंतिम महारानी कामसुंदरी देवी का निधन, पूरे मिथिला में शोक की लहर
Monday, Jan 12, 2026-11:07 AM (IST)
Darbhanga Maharani Kamsundari Devi: बिहार से इस वक्त की बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। दरअसल, दरभंगा राज परिवार की महारानी कामसुंदरी देवी (Maharani Kamsundari Devi) का निधन हो गया है। उन्होंने 96 साल की उम्र में राज परिसर स्थित कल्याणी निवास में अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे मिथिला में शोक की लहर दौड़ गई है।
कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं महारानी
बताया जा रहा है कि महारानी कामसुंदरी देवी कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं। वे दरभंगा के प्रसिद्ध महाराजा कामेश्वर सिंह की तीसरी और अंतिम पत्नी थीं। उनका विवाह 1940 में हुआ था। महारानी कामसुंदरी दान करने में सबसे आगे थीं। उन्हें सामाजिक और परोपकारी कार्यों के लिए जाना जाता था। महारानी ने अपने पति की याद में महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह कल्याणी फाउंडेशन की स्थापना की थी।
अंतिम महारानी थीं कामसुंदरी देवी
बता दें कि महाराजा कामेश्वर सिंह की पहली पत्नी महारानी राजलक्ष्मी और दूसरी पत्नी महारानी कामेश्वरी प्रिया का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद कामसुंदरी देवी राज परिवार की वरिष्ठ सदस्य थीं। उनके निधन पर राज परिवार के सदस्यों, नेताओं और आम जनता ने गहरा दुख जताया है।
संजय झा ने जताया दुख
जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि "दरभंगा राज परिवार की महारानी कामसुंदरी देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। महाराजा कामेश्वर सिंह की धर्मपत्नी के रूप में ही नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान, विशेषकर कल्याणी फाउंडेशन के माध्यम से सदैव स्मरणीय रहेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।"

