पटना के सिकरिया ग्राम में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए CM नीतीश, कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

Friday, Sep 05, 2025-05:02 PM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना जिला के पालीगंज प्रखण्ड के सिकरिया ग्राम में कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे सरदार बल्लभ भाई पटेल की मूर्ति अनावरण के कार्यक्रम में आने तथा आपसे बातचीत करने का मौका मिला है। बहुत खुशी की बात है कि इस कार्यकर्ता संवाद में आप सब लोग उपस्थित हैं। मैं आपका अभिनंदन करता हूं। आप सब जानते हैं कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। पहले राज्य का बहुत बुरा हाल था। उन्होंने कहा कि जब 24 नवंबर, 2005 को एनडीए की सरकार बनी थी, तबसे हम लोग बिहार के विकास में लगे हुए हैं, राज्य में कानून का राज है। सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। 

शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरू से ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया है। राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय तथा टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है। वर्ष 2020 में युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी एवं 10 लाख रोजगार देना तय किया गया। वर्तमान तक युवाओं को 10 लाख नौकरी एवं 39 लाख रोजगार दे दिया गया है। चुनाव से पहले ही 50 लाख से अधिक नौकरी एवं रोजगार दे दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि अब तय किया है कि अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी/रोजगार दिया जायेगा। बिहार का बजट लगातार बढ रहा है। वर्ष 2005-06 में नयी सरकार बनने के समय राज्य का बजट पहले से ही मात्र 28 हजार करोड़ रुपये था जिसे वर्ष 2006-07 में बढ़ाकर 34 हजार करोड़ रुपये किया गया और यह लगातार बढ़ते-बढ़ते अब 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 की गई
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कुछ नये निर्णय लिये गये हैं। सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 कर दिया है। इससे 1 करोड़ 12 लाख लोगों को फायदा हो रहा है। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुँचा दी गयी। सरकार द्वारा शुरू से ही बहुत सस्ती दर पर बिजली दी जाती थी। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है। सरकार की तरफ से सभी इच्छुक लोगों के घरों पर सोलर लगाये जायेंगे। हाल ही में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नयी योजना 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की स्वीकृति दी गयी है जिसमें हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रूपये की राशि दी जायेगी। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें 2 लाख रूपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। यह काम इसी सितम्बर माह से शुरू हो जायेगा। बिहार में नये उद्योग लगाने के लिए मुफ्त जमीन एवं विशेष सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है जुलाई, 2024 के बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गयी। फरवरी, 2025 के बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गयी है। केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2018 से देश के कुछ राज्यों में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया गया। इस वर्ष 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' का आयोजन बिहार में हुआ, जो गौरव की बात है। इन सब कामों के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static