पूर्व मंत्री रमई राम के निधन से CM नीतीश मर्माहत, राज्यपाल फागू चौहान ने भी जताया दुख

Friday, Jul 15, 2022-11:51 AM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राज्यपाल फागू चौहान ने पूर्व मंत्री रमई राम के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। नीतीश कुमार ने कहा कि रमई राम राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में लंबे समय तक मंत्री रहे। उन्होंने मेरे साथ मेरे मंत्रिमंडल सहयोगी के रूप में मंत्री पद की जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। वे मुजफ्फरपुर के बोचहां (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे, जहां से वे नौ बार विधायक रहे और अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। वे मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा, 'उनसे हमारा बेहद पुराना रिश्ता था। उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत तौर पर दुख पहुंचा है और मैं मर्माहत हूं।' नीतीश ने स्व. रमई राम की पुत्री गीता कुमारी से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। स्व. रमई राम का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

वहीं राज्यपाल फागू चौहान ने गुरुवार को अपने शोक उद्गार में कहा कि वह एक कुशल राजनेता तथा समाजसेवी थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य, साहस एवं सम्बल प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static