महाशिवरात्रि महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, भोलेनाथ की आरती कर मांगी बिहार की खुशहाली
Wednesday, Feb 26, 2025-08:52 PM (IST)

पटना: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज खाजपुरा, नेहरू मार्ग स्थित शिव मंदिर के पास आयोजित महाशिवरात्रि शोभायात्रा अभिनंदन महोत्सव में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ, मां पार्वती और उनके वाहन नंदी की आरती कर प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
शोभायात्रा का भव्य स्वागत, श्रद्धालुओं में उमड़ा जोश
महाशिवरात्रि के अवसर पर निकली शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने इसमें शामिल धार्मिक संगठनों को प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। शोभायात्रा के दौरान भोलेनाथ की टोली पर पुष्पवर्षा की गई और आरती के साथ पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया गया।
शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना, आयोजन समिति ने किया सम्मानित
इसके बाद मुख्यमंत्री शिव मंदिर, खाजपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा-अर्चना की। आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया।
भव्य आयोजन में कई गणमान्य लोग हुए शामिल
इस महोत्सव में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विधायक संजीव चौरसिया, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महाशिवरात्रि का यह आयोजन आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बना, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे माहौल को शिवमय कर दिया।