बिहार विधानसभा की 2 सीटों के उपचुनाव के लिए प्रचार समाप्त, 30 अक्टूबर को होगा मतदान

10/28/2021 9:51:11 AM

पटनाः बिहार विधानसभा की दो सीटों तारापुर और कुशेश्वरस्थान (सुरक्षित) के लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम चार बजे समाप्त हो गया। इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में 30 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है। इस बार वैश्विक महामारी कोरोना के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रचार की समाप्ति मतदान समाप्त होने के 72 घंटे पूर्व ही करने का निर्देश दिया है। पूर्व के चुनावों में मतदान की समाप्ति के समय से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार समाप्त होता था।

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया। उनके साथ उनके पुत्र और प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश यादव ने भी सभा को संबोधित किया। इनके अलावा तारापुर में भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी एवं जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया। 

लालू यादव ने सभा को किया संबोधित 
वहीं, कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के अंतिम दिन राजद अध्यक्ष लालू यादव ने सभा को संबोधित किया लेकिन राजग का कोई बड़ा नेता चुनाव प्रचार में नहीं पहुंच पाए। बेनीपुर के विधायक एवं कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी प्रो. विनय कुमार चौधरी ने बताया कि प्रचार के अंतिम दिन इस विधानसभा क्षेत्र के पोखराम में राजग प्रत्याशी के पक्ष में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी, जनता दल यूनाइटेड संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी की सभा होनी थी लेकिन हेलीकॉप्टर खराब होने की वजह से वे नहीं पहुंच पाए। बाद में इन सभी नेताओं ने सभा को ऑनलाइन संबोधित किया। 

BJP सांसद ने निकाला मोटरसाइकिल जुलूस 
दरभंगा से भाजपा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में मोटरसाइकिल जुलूस निकाला। इनके अलावा मंत्री जीवेश कुमार, विधायक संजय सरावगी, मुरारी मोहन झा, रामचन्द्र प्रसाद, स्वर्णा सिंह एवं विधान पार्षद अर्जुन सहनी ने राजग उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया। उल्लेखनीय है कि कुशेश्वरस्थान से जदयू के शशिभूषण हजारी और तारापुर से इसी दल के डॉ. मेवालाल चौधरी के निधन के कारण सीट रिक्त होने से उपचुनाव कराया जा रहा है। इन दोनों सीटों के उपचुनाव के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा जबकि मतों की गिनती 02 नवंबर को की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static