"किसी मुगालते में न रहें, बिहार में भी भ्रष्टाचारियों की होगी करारी हार", BJP का तेजस्वी पर करारा पलटवार
Monday, Feb 10, 2025-05:55 PM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2025_2image_17_55_227855430bjp.jpg)
पटना: बिहार भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा (BJP) की जीत का सिलसिला थमने वाला नहीं है और बिहार विधानसभा चुनाव में भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की प्रचंड जीत होगी।
"दिल्ली तो झांकी है, बिहार अभी बाकी"
प्रभाकर मिश्र ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि दिल्ली तो झांकी है, बिहार अभी बाकी है। उन्होंने कहा अब भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने का समय आ गया है। बिहार सहित पूरे देश की जनता अब भ्रष्टाचारियों को सत्ता सौंपने को तैयार नहीं है। सियासत अब बदल चुकी है, जो विकास नहीं करेगा, उसके राजनीतिक कैरियर का नाश हो जाएगा। मिश्र ने कहा कि तेजस्वी यादव कहते हैं कि यह बिहार है, यहां दिल्ली की तरह नहीं चलेगा।
"यहां भी भ्रष्टाचारियों की करारी होगी"
मिश्र ने सवालिया लहजे में कहा, यादव के इस बयान का क्या निहितार्थ है, क्या बिहार के लोग भ्रष्टाचारियों को माफ कर देंगे। क्या बिहार के लोग विकास नहीं चाहते। बिहार के लोग राजनीति चेतना से समृद्ध हैं। यहां के लोगों ने 2005 के पहले की बदहाली भी देखी है और राजग के शासनकाल में बिहार की खुशहाली भी देख रहे हैं। इसलिए यादव किसी मुगालते में न रहें, यहां भी भ्रष्टाचारियों की करारी होगी। उन्होंने दावा किया कि कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है और रहेगी। राजग की सरकार में डबल रफ्तार से विकास जारी रहेगा। एक बार फिर राजग को ही जनता आशीर्वाद देगी।