BJP सांसद संजय जायसवाल का अपने ही संसदीय क्षेत्र में विरोध, सड़क पर लोगों ने दिखाए काले झंडे...नारे भी लगाए
Tuesday, Aug 29, 2023-03:00 PM (IST)

मोतिहारी: बिहार में मोतिहारी जिले के बंजरिया प्रखंड के सिसवा गांव में लोगों ने बेतिया सांसद व बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल को काला झंडा दिखाकर विरोध किया।
लोगों ने संजय जायसवाल को दिखाए काले झंडे
दरअसल, जायसवाल अपने संसदीय क्षेत्र पूर्वी चंपारण जिला के बंजरिया प्रखंड के सिसवा गांव में एक पार्टी कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। इस बीच उन्हें लोगों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। गांव के लोगों ने सड़क निर्माण की अपने पूर्व की मांग पर उनका विरोध किया और उनको काला झंडा दिखाया। एक दो नहीं बल्कि कई काला झंडा उन्हें दिखाया गया। इसके साथ ही लोगों ने 'गो बैक' का नारा लगा भी लगाया। वहीं, इसके बाद सांसद संजय जायसवाल ने खुद लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
'जायसवाल हमलोगों के खानदानी नेता हैं, लेकिन..'
ग्रामीणों ने जायसवाल से कहा कि हम लोग आपको 3 बार सांसद बनाए, आपने क्या किया? आज तक यहां के लोग जर्जर सड़क पर चलने को विवश हैं, बरसात में हालत खराब है। ग्रामीणों का सांसद पर आरोप है कि वह वोट के समय आते हैं, हिंदू मुस्लिम करके वोट लेकर चले जाते हैं। सांसद का विरोध कर रहे अर्जुन कुमार ने बताया कि गांव से कई लोग काम करने जाते हैं, जिनको सड़क नहीं होने के कारण काफी परेशानी होती है। इसलिए हमलोग गांव में रोड की समस्या को लेकर सांसद का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संजय जायसवाल हमलोगों के खानदानी नेता हैं। हम उन्हें 30 साल से वोट देते आ रहे। इधर, संजय जायसवाल ने कहा कि जिस सड़क के लिए ग्रामीण विरोध कर रहे थे, वह जल्द ही बन कर तैयार हो जाएगा।