Bihar Ka Mausam: बिहार में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी, स्कूलों की छुट्टी बढ़ी

Saturday, Jan 03, 2026-08:28 AM (IST)

Bihar Ka Mausam Today (3 January 2026) : नए साल की शुरुआत के साथ ही बिहार में सर्दी ने अपना पूरा रंग दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य भर में तीव्र शीत लहर और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को कंपकंपी वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

राजधानी पटना सहित कई इलाकों में ठंड को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सेहत का ध्यान रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। कक्षा 5 तक के स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है, जबकि ऊपरी कक्षाओं के लिए स्कूल टाइमिंग बदलकर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक कर दी गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कुछ जगहों पर यह सामान्य से काफी कम हो गया है। पिछले दिनों की तरह ठंडी पछुआ हवाएं और उच्च नमी के कारण गलन बढ़ी हुई है।

घना कोहरा बना मुसीबत, यातायात ठप

सुबह के समय 90 प्रतिशत से अधिक नमी रहने से कई क्षेत्रों में मध्यम से बहुत घना कोहरा छाया रहा। कुछ जिलों में दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे सड़कें और रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। दिन में हल्की धूप निकलने पर थोड़ी राहत मिली, लेकिन ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बनाए रखी।

पटना, गया, वैशाली, नालंदा जैसे जिलों में कोहरा सबसे ज्यादा असरदार रहा। तराई क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में ऑरेंज अलर्ट तो अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट जारी है। सहरसा जैसे जिलों में तापमान सबसे कम रहा, जबकि कई जगहों पर 10 डिग्री से नीचे पारा दर्ज हुआ।

आज का मौसम पूर्वानुमान

आज शनिवार को भी राज्य में घने कोहरे का प्रभाव रहेगा। हिमालय से सटे तराई और पश्चिमी जिलों में सुबह दृश्यता बहुत कम रहने की उम्मीद है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जैसे 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया में येलो अलर्ट लागू रहेगा।

कब मिलेगी ठंड से राहत?

विशेषज्ञों का कहना है कि 6 जनवरी तक कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है। 8 जनवरी के बाद कोहरे और सर्दी में कुछ कमी आने की संभावना है। तब तक लोगों को सतर्क रहने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static