Bihar Weather Update: छठ से पहले बदलने लगा वेदर, सुबह ठंड और कोहरे ने दी दस्तक
Saturday, Oct 25, 2025-07:36 AM (IST)
Bihar Weather Today:बिहार में अक्टूबर के आख़िरी सप्ताह में वेदर में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। आज राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की ठंड और कोहरे की परत छाई रह सकती है, खासकर पटना, दरभंगा, सीतामढ़ी और किशनगंज जैसे जिलों में। दोपहर तक धूप निकलने से वातावरण सामान्य बना रहेगा और दिन का तापमान 29 से 30°C के बीच रह सकता है। वहीं, रात का तापमान 18 से 20°C के आसपास दर्ज किया जाएगा।
हवा में नमी घटने लगी है, जिससे उमस से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना महसूस होगा। किसानों के लिए यह समय बेहद अनुकूल है — फसल की कटाई और धान सुखाने के कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा की संभावना नहीं है।
छठ पूजा से पहले बढ़ेगी ठंड, 28 अक्टूबर के बाद दिखेगा बदलाव
लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा (Chhath Puja 2025) नज़दीक आते ही बिहार का मौसम बदलने लगा है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में सुबह-सुबह गुलाबी ठंड और धुंध देखने को मिल रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, 28 अक्टूबर के बाद राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश और बादल छाने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के दौरान पटना और उसके आसपास के इलाकों में सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में तेज धूप से तापमान सामान्य रहेगा।
छठ पर्व के दौरान आसमान में बादल, पश्चिमी विक्षोभ करेगा असर
मौसम विभाग ने बताया कि 27 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ेगा। छठ पर्व के दौरान भगवान सूर्य को अर्घ्य देते समय आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान (Temperature in Bihar Cities)
- पटना: अधिकतम 33.5°C | न्यूनतम 24.1°C
- गया: अधिकतम 32.6°C | न्यूनतम 21.6°C
- भागलपुर: अधिकतम 33.1°C | न्यूनतम 23.4°C
- मुजफ्फरपुर: अधिकतम 31.0°C | न्यूनतम 23.6°C
राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास रहेगा, जबकि दोपहर में धूप की तीव्रता से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

