Bihar Weather Alert Today:पटना समेत 12 जिलों में मूसलधार बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग का अलर्ट जारी
Tuesday, Jul 15, 2025-09:07 AM (IST)

Bihar Weather Alert Today:बिहार में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। सोमवार देर रात मुजफ्फरपुर में हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत दी। लगभग आधे घंटे तक हुई तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पूरे इलाके में मौसम सुहाना हो गया।
इधर, पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्यभर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के तहत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
14 जुलाई को पश्चिम चंपारण में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजधानी पटना का तापमान 35.3 डिग्री रहा। सबसे कम तापमान बांका में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भागलपुर में सबसे अधिक 11.5 मिमी वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी मंगलवार को दक्षिण बिहार के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। गया, नवादा, शेखपुरा और जमुई में अति भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। साथ ही पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, रोहतास और औरंगाबाद में तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों से सावधानी बरतने और अत्यधिक बारिश के समय खुले स्थानों में जाने से परहेज करने की अपील की है।
दक्षिण बिहार के अलावा उत्तर और पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में भी आज बारिश की संभावना है। सीवान, गोपालगंज, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है।
पिछले कई दिनों से राज्य में तापमान ऊंचाई पर बना हुआ था, लेकिन अब मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। उत्तर और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ जिलों में आंधी और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे प्रभावित क्षेत्रों में रहने वालों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।