Bihar Top 10 News: CM ने विकास भवन और विश्वेश्वरैया भवन का किया निरीक्षण तो महादलित महिला से दुर्व्यवहार मामले पर गरमाई सियासत
Tuesday, Sep 26, 2023-05:57 PM (IST)

Bihar Top 10 News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पूर्वाह्न साढ़े नौ बजे विकास भवन पहुंचे और वहां का औचक निरीक्षण किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री विश्वेश्वरैया भवन पहुंचे और वहां भी औचक निरीक्षण किया। वहीं, पटना में महादलित महिला से दुर्व्यवहार मामले पर सियासत गरमा गई है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह से बिहार सरकार पर हमलावर है। आइए, नजर डालते हैं ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों पर...
मुख्यमंत्री ने विकास भवन एवं विश्वेश्वरैया भवन में अवस्थित कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पूर्वाह्न साढ़े नौ बजे विकास भवन पहुंचे और वहां का औचक निरीक्षण किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री विश्वेश्वरैया भवन पहुंचे और वहां भी औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने विकास भवन तथा विश्वेश्वरैया भवन स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण किया।
विकास भवन में मंत्रियों एवं अधिकारियों की अनुपस्थिति पर CM नीतीश ने जताई नाराजगी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों को निर्धारित समय सुबह साढ़े नौ बजे तक अपने-अपने कार्यालय पहुंचने का मंगलवार को निर्देश दिया। नीतीश ने विकास भवन (नया सचिवालय) और विश्वेश्वरैया भवन का औचक निरीक्षण किया।
महादलित महिला से दुर्व्यवहार मामले पर बोले BJP नेता- एक बार फिर जंगलराज की ओर बढ़ रहा बिहार
पटना में महादलित महिला से दुर्व्यवहार मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह से बिहार सरकार पर हमलावर है। पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दलित नेता जनक राम ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस वर्तमान सरकार में दलितों के ऊपर पूरी तरह से अत्याचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बिहार एक बार फिर जंगलराज की ओर बढ़ रहा है।
सकरी-हरनगर रेलखंड पर 10 महीने से बंद ट्रेन सेवा आज से पुन: होगी शुरू
बिहार मे पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के सकरी-हरनगर रेलखंड पर आन्दोलन के कारण पिछले 10 महीने से बंद पड़ी ट्रेन सेवा 26 सितंबर से पुन: शुरू हो जाएगी।
Traffic Police Station: बिहार के इन 28 जिलों में बनेगा यातायात थाना
बिहार में यातायात को नियंत्रित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सरकार ने पुलिस जिला समेत 28 जिलों में यातायात थाना बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
'मुझे किसी पद की लालसा नहीं, मैं सभी विपक्षी पाटिर्यों को एकजुट करने में लगा हुआ हूं: CM नीतीश
बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार ने एक बार फिर दुहराया कि उन्हें किसी पद की लालसा नहीं है और वह अभी विपक्षी दलों को एकजुट करने में लगे हैं।
दलित महिला के साथ हुई हैवानियत को लेकर भड़के अश्विनी चौबे
केंद्रीय राज्य मंत्री सह बक्सर सांसद अश्विनी कुमार चौबे दो दिवसीय दौरे पर सोमवार (25 सितंबर) को बक्सर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पटना में दबंगों द्वारा महादलित महिला के मुंह में पेशाब कर देने की घटना पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला।
Bihar Politics: 'धीरे-धीरे बिखर रहा NDA का कुनबा'
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि एनडीए (NDA) का कुनबा धीरे-धीरे बिखर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक का नजारा देख लीजिए, सब जगह एनडीए के साथी अलग-अलग हो रहे हैं। इसके साथ ही तेजस्वी ने कहा कि 2024 में बीजेपी का जाना तय है।
महिला आरक्षण बिल पर बोली कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पॉल- महिला आरक्षण की लड़ाई कांग्रेस की लड़ाई
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पॉल ने पटना में संवादाता सम्मेलन किया। इस दौरान उन्होंने महिला आरक्षण बिल पर कहा कि बिल तो पास हो गया हम लोगों को खुशी है। लेकिन इसमें केंद्र सरकार ने चालाकी किया है। इसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया कि यह बिल लागू कब से होगा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की लड़ाई कांग्रेस की लड़ाई है।
महादलित महिला से दुर्व्यवहार मामलाः पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
बिहार की राजधानी पटना में महादलित महिला के साथ हुए दुर्व्यवहार मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद सिंह को फतुहा से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस अन्य चार अज्ञात अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।