Bihar Weather Alert: ठंड से कांपता बिहार, कोहरे की गिरफ्त में रहेगा New Year, जानें कब बदलेगा मौसम

Tuesday, Dec 30, 2025-08:55 AM (IST)

Bihar Ka Mausam: बिहार में इस समय मौसम बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। राज्य भीषण शीतलहर, घने कोहरे और कोल्ड-डे जैसी परिस्थितियों से जूझ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना (IMD Patna) ने प्रदेश में जारी मौसम चेतावनी को 3 जनवरी तक बढ़ा दिया है। ऐसे में नए साल की शुरुआत भी धूप के बिना होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत जरूर दिए गए हैं, लेकिन घने कोहरे और सर्द पछुआ हवाओं के कारण फिलहाल राहत की उम्मीद कम नजर आ रही है।

सूरज नदारद, कोहरे और पछुआ हवाओं की दोहरी मार

बर्फीली पछुआ हवाओं और घने कोहरे ने बिहार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में पिछले एक सप्ताह से धूप के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं। उत्तर से लेकर दक्षिण बिहार तक दिन में भी ठंड का असर बना हुआ है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

पिछले 24 घंटे: तापमान स्थिर, दृश्यता बेहद कम

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन घना कोहरा और ठंडी हवाओं ने मुश्किलें बढ़ा दीं। पटना, नालंदा, गया, जहानाबाद, बक्सर और औरंगाबाद जैसे जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम रिकॉर्ड की गई। गया में स्थिति सबसे गंभीर रही, जहां दृश्यता घटकर सिर्फ 50 मीटर तक पहुंच गई। इससे सड़क और रेल यातायात पर खासा असर पड़ा।

उत्तर से दक्षिण बिहार तक ठंड का व्यापक असर

IMD के मुताबिक पश्चिम चंपारण और सीतामढ़ी जैसे उत्तरी जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी है। वहीं कैमूर और रोहतास जैसे दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। सीमांचल के पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। उत्तर बिहार के कई जिलों में पिछले पखवाड़े से कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है, जहां दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिल रही।

राजगीर सबसे ठंडा, पटना लगातार कोल्ड-डे की चपेट में

राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान राजगीर में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शेखपुरा में अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी पटना लगातार चौथे दिन कोल्ड-डे की चपेट में रही। पटना में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर महज 2.1 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री कम 14.7 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ठंड का सीधा असर जनजीवन पर, स्कूलों की छुट्टी बढ़ी

कड़ाके की ठंड का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर देखा जा रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों की छुट्टी 2 जनवरी तक बढ़ा दी है। सुबह की ठंडी फुहार और दिन में 6 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाएं ठंड का अहसास और बढ़ा रही हैं।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 7 दिनों तक बिहार में घना कोहरा और तेज ठंड बनी रह सकती है। 1 से 3 जनवरी के बीच उत्तर-मध्य, उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार में घने कोहरे की संभावना जताई गई है। 3 जनवरी के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार और धूप निकलने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static