सुशील मोदी का तेजस्वी पर तंज- चरमरा गई है बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था, लेकिन मंत्री कर रहे नौका विहार

Sunday, Dec 04, 2022-12:30 PM (IST)

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है लेकिन विभाग के मंत्री को इसकी कोई चिंता नहीं है और वह नौका विहार कर रहे हैं।

सुशील मोदी ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि एक तरफ डॉक्टरों की कमी 51 फीसद तक है और दूसरी तरफ सरकार 500 से ज्यादा पीजी डॉक्टरों की पोस्टिंग छह महीने से नहीं कर पा रही है। स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि मरीजों की चिंता भगवान भरोसे छोड़ कर स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव कभी वाल्मीकि नगर में टाइगर सफारी का आनंद ले रहे हैं, तो कभी बेतिया में नौका विहार कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि 750 से ज्यादा डॉक्टर वर्षों से छुट्टी पर हैं और वेतन भी पा रहे हैं। सरकार बताये कि उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि इस साल मई में पीजी की पढाई पूरी करने वाले सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टर छह महीने से पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें एक महीने से केवल आश्वासन दिया जा रहा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि पीजी की पढ़ाई के दौरान इन्हें जो 82 हजार रुपए मासिक स्टाइपेंड मिलता था, वह बंद हो गया और पोस्टिंग नहीं होने से वेतन मिलना शुरू नहीं हुआ। सरकार के साथ बॉन्ड से बंधे होने के कारण ये तीन साल कहीं और सेवाएं दे भी नहीं सकते। सुशील मोदी ने कहा कि फैसले करने में स्वास्थ्य मंत्री की अक्षमता का खामियाजा एक तरफ ये सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टर भुगत रहे हैं तो दूसरी ओर पीड़ित जनता इनकी सेवाओं का लाभ लेने से वंचित है। उन्होंने कहा कि सरकार पीजी डॉक्टरों की पोस्टिंग जल्द करे और इनकी सेवा अवधि एक जून 2022 से मानी जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static