बिहार में राशन कार्ड पर सख्ती! 31 मार्च तक पूरा करें e-KYC वरना अटक सकता है राशन
Thursday, Feb 26, 2026-10:31 PM (IST)
पटना: बिहार में राशन व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने राज्य के सभी संदिग्ध राशन कार्डों की जांच जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है। पटना में हुई एक समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के अधिकारियों को साफ कहा गया कि जांच और अन्य काम तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
सरकार ने यह भी आदेश दिया है कि राशन दुकानों में जो पद खाली हैं, उन्हें 31 मार्च 2026 तक भर लिया जाए। पात्र लोगों को 30 अप्रैल 2026 तक लाइसेंस जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।
राज्य में अब तक लगभग 82 प्रतिशत राशन कार्डधारकों का e-KYC पूरा हो चुका है। बाकी लोगों को 31 मार्च 2026 तक हर हाल में आधार आधारित सत्यापन कराने को कहा गया है। समय पर e-KYC नहीं कराने पर राशन कार्ड प्रभावित हो सकता है।
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए PDS Prakash App के उपयोग को अनिवार्य किया गया है। इस ऐप के जरिए राशन दुकानों की नियमित जांच होगी, जिससे गड़बड़ी की संभावना कम होगी और सही लाभार्थियों तक अनाज पहुंचेगा।
सरकार का कहना है कि यह कदम फर्जी राशन कार्ड और अनियमितताओं को रोकने के लिए उठाया गया है। राशन कार्ड धारकों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द e-KYC पूरा कर लें और EPDS Bihar Portal पर अपना स्टेटस जांचते रहें।

